वोटर लिस्ट में ऐसे जुड़वाएं नाम

वोटर लिस्ट में ऐसे जुड़वाएं नाम

राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी पर विशेष

अगले महीने से यूपी, उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। 2024 में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। दिल्ली में इसी साल अप्रैल में एमसीडी के चुनाव भी हो सकते हैं। अगर आपकी उम्र 18 साल या इससे ज्यादा है तो आप घर बैठे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। ऑनलाइन वोटर लिस्ट में नाम कैसे दर्ज कराएं, बता रहे हैं राजेश भारती

ऑनलाइन तरीका
सबसे पहले ये चीजें अपने पास रखें
- ऑनलाइन अपलोड के लिए फोटो।
- बर्थ सर्टिफिकेट की फोटो, 5वीं, 8वीं या 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या आधार में से कोई एक डॉक्युमेंट
- पता साबित करने के लिएभारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक/किसान/पोस्ट ऑफिस की अपडेटेड पासबुक (1 साल से पुरानी नहीं), राशन कार्ड, इनकम टैक्स असेसमेंट ऑर्डर, अगर किराये पर रहते हैं तो रजिस्टर्ड रेंट लीज डीड, पते पर आया पानी का बिल या बिजली का बिल या गैस कनेक्शन का बिल (ये बिल 1 साल से पुराने नहीं होने चाहिए) या आपके पते पर पोस्ट ऑफिस से आई कोई चिट्ठी में से कोई एक

अब ऐसे करें अप्लाई
- निर्वाचन आयोग की वेबसाइट nvsp.in या eci.gov.in पर जाएं।
- यहां आपको सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए वेबसाइट पर जाने पर लेफ्ट साइड में थोड़ा नीचे की ओर आपको Login/Register लिखा दिखाई देगा। इस पर क्लिक करें।
- अब एक नया पेज खुलेगा। इस पेज में नीचे की ओर लिखे Don't have account, Register as a new user पर क्लिक करें।
- फिर से नया पेज खुलेगा। यहां आपको पहले अपना मोबाइल नंबर टाइप करना होगा। जो नंबर आपके आधार से रजिस्टर्ड है, वही नंबर टाइप करें। इसके बाद आपको कैप्चा कोड टाइप करना होगा। अब इसके ठीक नीचे नीले रंग के बॉक्स में लिखे Send OTP पर क्लिक करें।
- आपने जो नंबर टाइप किया था, उस पर OTP आएगा। उस OTP को टाइप करने के बाद इसके ठीक नीचे लिखे I don't have EPIC number पर क्लिक करें। अब आपको अपना नाम टाइप करना होगा और पासवर्ड बनाना होगा। सारी चीजें टाइप करने के बाद नीचे नीले रंग के बॉक्स में लिखे Register पर क्लिक करें। अब आपका रजिस्ट्रेशन हो चुका है। करीब 2 सेकंड बाद आप फिर से nvsp.in वेबसाइट के लॉगइन पेज पर पहुंच जाएंगे।
- अब अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड टाइप करके नीचे नीले रंग के बॉक्स में लिखे Login पर क्लिक करें।
- अब जो पेज खुलेगा, उस पर सामने अलग-अलग चीजों के कई रंगबिरंगे बॉक्स दिखाई देंगे। इन बॉक्स में से सबसे राइट साइड में ऊपर वाले बॉक्स पर Forms लिखा दिखाई देगा। इस बॉक्स पर क्लिक करें।
- फिर से नया पेज खुलेगा। यहां आपको कई फॉर्म दिखाई देंगे। पहले नंबर पर Inclusion of names for residents electors का फॉर्म होगा। इसके लेफ्ट साइड में लिखे Form 6 पर क्लिक करें। अब एक फॉर्म खुलेगा। यही वह फॉर्म है जिसे पूरा और सही भरकर आप अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं।
- इस फॉर्म को ठीक से पढ़ें और अपने राज्य का नाम, विधानसभा क्षेत्र और जिला आदि चुनने के बाद अपने बारे में पूरी जानकारी जैसे नाम, पता आदि दें। इसके बाद आप अपना फोटो और आयु और पते के सबूत के रूप में भी जरूरी डॉक्युमेंट्स के फोटो अपलोड करें।
- सारी जानकारी भरने के बाद फॉर्म के आखिर में आपको कैप्चा कोड भरना होगा। इसके बाद ग्रे रंग के बॉक्स में लिखे Submit पर क्लिक कर दें। आपका फॉर्म सबमिट हो जाएगा।

ऐप Voter Helpline से भी कर सकते हैं अप्लाई
प्लैटफॉर्म: एंड्रॉइड और iOS
- सबसे पहले अपने फोन पर गूगल प्ले स्टोर से Voter Helpline ऐप डाउनलोड करें और ऐप खोलें।
- ऐप खोलने के बाद आपको ऐप के नीचे लेफ्ट साइड में EXPLORE लिखा दिखाई देगा। इस पर टैप करें।
- एक विंडो खुलेगी। इसमें ऊपर राइट साइड में लिखे LOGIN पर टैप करें। एक नया पेज खुलेगा। यहां आपको NEW USER? लिखा दिखाई देगा। अगर आपने वेबसाइट nvsp.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो NEW USER? पर टैप करके आपको रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए आपको अपना मोबाइल नंबर टाइप करके वही प्रक्रिया अपनानी होगी, जैसा ऊपर बताया गया है। वहीं अगर आप वेबसाइट nvsp.in पर पहले ही रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं तो LOGIN पर टैप करने के बाद जो पेज खुलेगा उसमें मोबाइल नंबर टाइप करें। एक OTP आएगा। अब आपको OTP और उसके ठीक नीचे बने बॉक्स में पासवर्ड टाइप करके नीचे बॉक्स में लिखे LOGIN NOW पर टैप करना होगा।
- अब आप फिर से ऐप के होम पेज पर आ जाएंगे। यहां पेज के बीच में लेफ्ट साइड में लिखे VOTER REGISTRATION पर टैप करें।
- अब एक विंडो खुलेगी। यहां लिखे New Voter Registration (Form 6) पर टैप करें। फिर से एक छोटी-सी विंडो खुलेगी। यहां लिखे New Voter Registration (Residing in India) पर टैप करें।
- एक नया पेज खुलेगा। यहां नीचे नीले रंग के बॉक्स में लिख Let's Start पर टैप करें। अब आपको अपना नाम, विधानसभा, पता आदि की जानकारी देनी होगी। साथ ही फोन में ही पहले से सेव फोटो, पते और उम्र के लिए जरूरी डॉक्युमेंट्स अपलोड करने होंगे।
- सारी जानकारी देने के बाद फॉर्म को आखिर में सबमिट करना होगा।

डॉक्युमेंट्स की होती है जांच
वोटर कार्ड बनवाने के लिए जो जानकारी और डॉक्युमेंट्स देते हैं बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उनकी आपके घर आकर जांच करता है। सब कुछ सही होने पर करीब 45 दिन में आपका वोटर आईडी कार्ड आपके पते पर पहुंच जाता है।

हेल्पलाइन की लें मदद
1800111950 इस नंबर पर सातों दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक फोन कर समाधान पूछ सकते हैं।

-----------------------

अब फोन में रखें डिजिटल वोटर ID

केंद्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक इलेक्टोरल फोटो आईडी कार्ड (e-EPIC) सुविधा के जरिए आप अपने फोन में ही वोटर कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही इसे डिजिटल लॉकर में भी दूसरे डॉक्युमेंट्स की तरह सुरक्षित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल में ले सकते हैं। जानें, डिजिटल वोटर कार्ड से जुड़ी जरूरी जानकारी:

क्या है डिजिटल वोटर कार्ड
यह वोटर आईडी कार्ड का डिजिटल वर्जन है। इसे चुनाव आयोग की वेबसाइट voterportal.eci.gov.in या राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (एनवीएसपी) की वेबसाइट nvsp.in से डाउनलोड कर सकते हैं। इसे डाउनलोड करके स्मार्टफोन की मेमरी या डिजिटल लॉकर में सेव करके रख सकते हैं। जरूरत पड़ने से इसका कभी भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यही नहीं, इसका प्रिंटआउट भी निकाला जा सकता है।

कौन कर सकता है डाउनलोड
e-EPIC डाउनलोड करने की प्रक्रिया अभी सभी के लिए शुरू नहीं हुई है। फिलहाल पहले फेज में वे वोटर ही इसे डाउनलोड कर सकते हैं जिन्होंने वोटर आईडी कार्ड के लिए नवंबर 2020 के बाद रजिस्ट्रेशन कराया है। इससे पहले के वोटर्स के लिए e-EPIC डाउनलोड करने की प्रक्रिया जल्दी शुरू होने की संभावना है।
ऐसे करें डाउनलोड
- राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल की वेबसाइट nvsp.in पर जाएं व मोबाइल नंबर टाइप करके लॉगइन करें।
- फिर से नया पेज खुलेगा। पेज के लेफ्ट साइड में ऊपर की ओर नीले रंग के बॉक्स में Welcome : What would you like to do? लिखा दिखाई देगा।
- इसके ठीक नीचे रंगबिरंगी स्ट्रिप में कई ऑप्शन दिखाई देंगे। इनमें सबसे आखिरी में एक बॉक्स में Download e-EPIC का ऑप्शन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करें।
- अब नया पेज खुलेगा। इसमें ऊपर की ओर I have के बाद दो ऑप्शन EPIC no. और Form Reference no. दिखाई देंगे।
- अगर आपके पास EPIC नंबर यानी वोटर पहचान पत्र नंबर है तो इसके आगे बने छोटे-से गोले पर क्लिक करें। क्लिक करते ही गोले में नीले रंग का स्पॉट बन जाएगा।
- वहीं अगर वोटर आईडी कार्ड के लिए अप्लाई किया है और वोटर आईडी कार्ड अभी तक नहीं मिला है तो Form Reference नंबर मिलता है। यह नंबर वोटर आईडी कार्ड के लिए अप्लाई करते समय मिलता है। ऐसे में Form Reference no. के आगे बने गोले पर क्लिक करें। यहां भी गोले पर क्लिक करते ही उसमें नीले रंग का स्पॉट बन जाएगा।
- अब अगर EPIC no. वाले गोले पर क्लिक किया है तो EPIC नंबर टाइप करें। वहीं अगर Form Reference no. वाले गोले पर टाइप किया है तो Form Reference नंबर टाइप करें।
- इसके बाद Select State में वह राज्य चुनें जिस राज्य के लिए वोटर आईडी कार्ड अप्लाई किया था। अब इसके ठीक बराबर में ग्रे रंग की पट्टी में लिखे Search पर क्लिक करें।
- अब आपके वोटर आईडी कार्ड की पूरी जानकारी जैसे नाम, पता आदि Search की स्ट्रिप के नीचे दिखाई देने लगेगी।
- अब पेज पर ही थोड़ा नीचे की ओर Send OTP का ऑप्शन दिखाई देगा। इसपर क्लिक करें।
- आपके रजिस्टर्ड नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। उसके ठीक नीचे OTP टाइप करने का ऑप्शन दिखाई देगा। यहां OTP टाइप करने के बाद बराबर में नीले रंग की स्ट्रिप में लिखे Verify पर क्लिक करें।
- Verify पर क्लिक करते ही वेबसाइट के पेज के ऊपर राइट कॉर्नर में हरे रंग की स्ट्रिप में एक राइट का निशान और उसके बराबर में Mobile no. verified लिखा आएगा। साथ ही OTP Verification done successfully भी लिखा आएगा।
- इसके ठीक नीचे एक captcha कोड आएगा जिसे साथ में दिए बॉक्स में टाइप करना होगा।
- कैप्चा कोड टाइप करने के बाद उसके ठीक नीचे नीले रंग की स्ट्रिप में Download e-EPIC लिखा दिखाई देगा। इस पर पर क्लिक कर दें। अब आपका डिजिटल वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड हो जाएगा।

मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं डाउनलोड
डिजिटल वोटर आईडी कार्ड को चुनाव आयोग की ऐप के जरिए भी डाउनलोड किया जा सकता है। यह ऐप Voter Helpline के नाम से गूगल प्ले स्टोर और iOS पर मौजूद है। ऐप को डाउनलोड करने के बाद यहां भी पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद डिजिटल वोटर आईडी कार्ड इस प्रकार डाउनलोड करें:
- ऐप ओपन करने के बाद लॉगइन करें।
- लॉगइन करने के बाद ऐप के नीचे की ओर ठीक बीच में गोल घेरे में एक आइकन बना होगा। इस घेरे के नीचे PERSONAL VAULT लिखा होगा। इस आइकन पर टैप करें।
- एक नया पेज खुलेगा। इसमें थोड़ा ऊपर की ओर नीले रंग के बॉक्स में Download लिखा दिखाई देगा। इस पर टैप करें। अब आपको अपना EPIC no. और कैप्चा कोड टाइप करना होगा। साथ ही राज्य सिलेक्ट करके नीचे ग्रे बॉक्स में लिखे Search पर टैप करना होगा। अगर आपको डिजिटल वोटर आईडी कार्ड होगा तो वह डाउनलोड हो जाएगा।


Comments

Popular posts from this blog

संपूर्ण सत्यनारायण व्रत कथा।

कैसा दिखाई देता था शताब्दियों पहले दिल्ली शहर; अनदेखी तस्वीरों में देख लीजिये

पर काया प्रवेश