विडियो एडिटिंग
विडियो वाहवाही लूटेगा ऐसे
इन दिनों तरह-तरह के विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का चलन काफी बढ़ गया है। वैसे विडियो तो काफी लोग बना लेते हैं लेकिन हर शख्स उनको एडिट करना नहीं जानता। ऐसे में काफी लोग विडियो एडिटर की मदद लेते हैं। वैसे आप चाहें तो खुद भी विडियो एडिट कर सकते हैं। विडियो एडिटिंग के लिए कौन-कौन-से सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किए जाते हैं और इनकी मदद से विडियो एडिट कैसे करें, इस बारे में बता रहे हैं आदित्य कंचन
क्या है विडियो एडिटिंग
विडियो एडिटिंग एक टेक्निकल प्रोसेस है जिसमें रिकॉर्ड किए गए विडियो को सुधारा जाता है। साथ ही उसमें कुछ बदलाव करके बेहतर बनाने की कोशिश की जाती है। आपने टीवी, सिनेमा और सोशल मीडिया पर ऐसे काफी विडियो देखें होंगे जिन्हें एडिट किया जाता है। हालांकि विडियो एडिटिंग से पहले विडियो शूटिंग पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। विडियो शूट के दौरान जो कमी रह जाती है, उसे एडिटिंग के जरिए सुधारा जाता है। वहीं विडियो एडिटिंग के जरिए कई ऐसे प्रयोग भी किए जाते हैं जिसके बाद विडियो देखकर आप दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। जितनी भी साइंस फिक्शन फिल्में, विज्ञापन या कोई दूसरे विडियो हैं, वे लगभग पूरी तरह से एडिटिंग पर निर्भर होते हैं।
सॉफ्टवेयर हैं जरूरी
विडियो एडिट करने के लिए कुछ सॉफ्टवेयर या ऐप्लिकेशंस जरूरी होती हैं। सॉफ्टवेयर और ऐप्लिकेशंस कौन-से चाहिए, यह इस बात पर निर्भर करता है कि विडियो एडिटिंग डेस्कटॉप या लैपटॉप से करनी है या स्मार्टफोन पर। इन सॉफ्टवेयर के जरिए किसी भी पूरे विडियो में से किसी खास हिस्से को काटा जाता है या कोई दूसरा विडियो जोड़ा जाता है। इसके अलावा विडियो की आवाज की क्वॉलिटी सुधारना, लाइट कम या ज्यादा करना, कोई लोगो या आइकन जोड़ना आदि काम भी इन सॉफ्टवेयर के जरिए किए जाते हैं। कुछ सॉफ्टवेयर इस प्रकार हैं:
डेस्कटॉप या लैपटॉप के लिए
1. Filmora Wondershare
सबसे आसान विडियो एडिटिंग सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह Filmora ही हैं। इसे आप Windows 7 या mac में आसानी से चला सकते हैं। यही नहीं, इसे सीखना भी काफी आसान है। इसका लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन 6,000 रुपये तक है। इसे ऑफिशल वेबसाइट filmora.wondershare.com से डाउनलोड कर सकते हैं।
2. Adobe Premiere Pro
Adobe premiere Pro सॉफ्टवेयर Adobe कंपनी का है। इस सॉफ्टवेयर को विडियो एडिटिंग के लिए काफी प्रोफेशनल माना जाता है। यह विंडोज और ऐपल मैक, दोनों पर काम करता है। इस सॉफ्टवेयर का सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता है, जिसका महीने का खर्च लगभग 1675 रुपये है। हालांकि इसे लेने से पहले आप 30 दिन का फ्री ट्रायल भी ले सकते हैं। इसे ऑफिशल वेबसाइट adobe.com से डाउनलोड कर सकते हैं।
3. Adobe After Effects
Adobe कंपनी का एक और खास विडियो सॉफ्टवेयर है जिससे आप बेहतरीन स्पेशल इफेक्ट डाल सकते हैं। इसकी प्रति महीने सब्सक्रिप्शन फीस है 1675 रुपये है। इस सॉफ्टवेयर में adobe photoshop से लेकर adobe illustrator तक सब कुछ मिलता है। इसको ऑफिशल वेबसाइट adobe.com से डाउनलोड कर सकते हैं।
4. Final cut Pro
यह Apple कंपनी का सॉफ्टवेयर है। इसलिए इसे Mac पर ही चला सकते हैं। इसकी कीमत 27,900 रुपये है वह भी जीवनभर के लिए। इसका भी फ्री वर्जन मौजूद है, लेकिन सिर्फ 90 दिनों के लिए। इसे Apple की ऑफिशल वेबसाइट apple.com से डाउनलोड कर सकते हैं।
5. Vegas Pro
यह भी काफी लोकप्रिय विडियो एडिटिंग सॉफ्टवेयर है जो केवल विंडोज के लिए है। इसके दो वर्जन VEGAS Pro 365 और VEGAS Post 365 हैं। VEGAS Pro 365 को 12 महीने के लिए 1,490 रुपये प्रति महीने की EMI पर भी खरीदा जा सकता है। वहीं VEGAS Post 365 को 12 महीने के लिए 2,190 रुपये प्रति महीने की EMI पर भी खरीदा जा सकता है। दोनों सॉफ्टवेयर के फ्री ट्रायल वर्जन भी मौजूद हैं। इन्हें ऑफिशल वेबसाइट vegascreativesoftware.com से खरीदा जा सकता है।
स्मार्टफोन के लिए
1. PowerDirector
इसे इसे ऐंड्रॉइड और iOS दोनों यूजर इस्तेमाल कर सकते हैं। आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं यह सीखने में भी बड़ा आसान है और आप मोबाइल से ही बड़े अच्छे विडियो एडिट करके इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी सालभर की लागत लगभग 2 हजार है लेकिन आप इसका फ्री वर्जन हमेशा के लिए यूज कर सकते हैं ।
2. Kinemaster
यह एक ऐसा ऐप है जिससे बहुत सारे लोग इस्तेमाल करते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है कि इसे सीखना आसान है। इसे ऐंड्रॉइड और iOS दोनों यूजर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसका सालभर का सब्सक्रिप्शन 650 रुपये से 1300 रुपये के बीच है।
3. FilmoraGo
इस सॉफ्टवेयर को ऐंड्रॉइड और iOS दोनों यूजर इस्तेमाल कर सकते हैं। यह ऐसा विडियो एडिटर ऐप है जिसके जरिए विडियो की अच्छी एडिटिंग कर पाएंगे। इसे इस्तेमाल करने के लिए हर साल 1500 रुपये चुकाने होंगे। इसका फ्री वर्जन भी मौजूद है।
4. InShot
Inshot को भी स्मार्टफोन के लिए अच्छा सॉफ्टवेयर माना जाता है। इस सॉफ्टवेयर की मदद से विडियो एडिटिंग करना बहुत ही आसान है। इस ऐप को भी ऐंड्रॉइड और iOS दोनों यूजर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसका ट्रायल वर्जन फ्री है।
5. VideoShow
यूजर्स के लिए यह ऐप बेस्ट ऐप में एक है। इस ऐप पर फ्री में विडियो एडिटिंग की जा सकती है। इस ऐप के जरिए text, effects, music और sound effects को भी जोड़ सकते हैं। विडियो क्वॉलिटी सुधार सकते हैं।
ऐसे करें विडियो एडिटिंग
विडियो एडिट करने का कोई अंत नहीं है, लेकिन शुरुआत लगभग सभी सॉफ्टवेयर या ऐप की जैसी ही होती है। हम आपको विडियो एडिट करने के बारे में कुछ बेसिक जानकारी दे रही हैं। बेसिक सीखने के बाद आप प्रैक्टिस करके अपना विडियो एडिटिंग स्किल सुधार सकते हैं। विडियो एडिट करने का बेसिक तरीका इस तरह है:
1. डेस्कटॉप या लैपटॉप पर
डेस्कटॉप या लैपटॉप पर कई सॉफ्टवेयर की मदद से विडियो को एडिट किया जा सकता है। Filmora की मदद से विडियो एडिट इस प्रकार करें:
★ डेस्कटॉप या लैपटॉप में Filmora सॉफ्टवेयर डाउनलोड करें।
★ सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने के बाद उसे खोलें। इसके बाद आपको videos व audio को import करना होगा और इन्हें नीचे वाले track में डालना होगा।
★ इसके बाद विडियो में और ऑडियो में अपनी जरूरत के अनुसार उन क्लिप्स को पहले लगाना है जो आप पहले देखना चाहते हैं।
★ अब अगर आपको अपने विडियो में transition ऐड करनी हो तो ऊपर दिए गए ऑप्शंस में से सेलेक्ट करें और transition ऊपर रखकर विडियो में डाल सकते हैं।
★ विडियो में कोई टाइटल या सब-टाइटल डालना हो तो नीचे वाले टाइटल को डाल सकते हैं।
★ विडियो एडिट करने के बाद उसे export करना होगा। जब विडियो export हो जाए तो उसे कहीं भी शेयर कर सकते हैं।
2. स्मार्टफोन पर
स्मार्टफोन पर विडियो एडिट करने के लिए कई सॉफ्टवेयर हैं। KINE MASTER की मदद से विडियो एडिट इस तरह करें:
★ स्मार्टफोन (ऐंड्रॉइड या iOS) में KINE MASTER ऐप डाउनलोड करें।जो विडियो एडिट करना चाहते हैं वह फोन में होना चाहिए। साथ ही जो बैकग्राउंड म्यूजिक या लोगो विडियो में डालना चाहते हैं, वह भी स्मार्टफोन में होनी चाहिए।
★ अब ऐप खोलें। ऊपर की तरफ Create New देखकर टैप करें।
★ एक नया पेज खुलेगा। यहां आपको विडियो के लिए एक Aspect Ratio सिलेक्ट करना होगा। हर Aspect Ratio में एक सिम्बल बना होता है जो यह बताता है कि विडियो किसके लिए एडिट करना है। मसलन, Youtube के लिए या Instagram के लिए आदि। साथ ही इससे यह भी पता चलता है आप विडियो की लंबाई और चौड़ाई का अनुपात क्या रखना चाहते हैं। Aspect Ratio चुनने के बाद स्क्रीन के ऊपर राइट साइड में लिखे Next टैप करें।
★ अब Media Browser लिखा दिखेगा। फोन में विडियो-फोटो के जितने भी फोल्डर हैं, वे दिखेंगे। एडिट करने के लिए विडियो चुनें।
★ अब वे फोटो या विडियो चुनें, जिन्हें इस विडियो में डालना है। अब इन्हें पैटर्न में अरेंज करना है। इसके लिए उस विडियो या फोटो को 2 से 3 सेकंड के लिए दबाएं और फिर आगे या पीछे कर दें।
★ इसमें म्यूजिक जोड़ना है Audio पर टैप करें। सारी ऑडियो क्लिप दिखेंगी। फोन में सेव गाना या कोई विडियो, ऑडियो जोड़ सकते हैं। आप REC ऑप्शन पर टैप करके वॉइस ओवर कर सकते हैं। यहीं Layer के ऑप्शन से स्टिकर या Text भी डाल सकते हैं।
★ फोन स्क्रीन के राइट साइड में ऊपर एक तीर का निशान ऊपर की तरफ होगा। इस निशान पर टैप करें। नया पेज खुलेगा। यहां सेव करने से पहले विडियो की क्वॉलिटी चुनें। अब स्क्रीन के नीचे बॉक्स में लिखे Save पर टैप करें। लेकिन KINE MASTER का वॉटर मार्क हटाने के लिए सब्सक्रिप्शन लेना होगा।
Comments
Post a Comment